मीरा साहिब/आरएस पुरा। उपजिले में सोमवार को हुए दो सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पहला हादसा मीरां साहिब क्षेत्र में हुआ। इसमें सुबह आरएस पुरा-जम्मू सड़क पर टाली मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। इसमें स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानिय लोगों व पुलिस ने घायल को जीएमसी जम्मू पहुंचाया, लेकिन जख्मों का ताव न सहते हुए महिला की मौत हो गई। उसकी पहचान भारती देवी (52) पत्नी मदन लाल निवासी जस्सौर (आरएस पुरा) के रूप में हुई है। मीरां साहिब पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
दूसरा हादसा आरएस पुरा क्षेत्र के चक मोहम्मदयार के पास हुआ। इसमें कार-बाइक की टक्कर में दो लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान गुग्गू पुत्र कासिम दीन निवासी विजयपुर और बग्गा पुत्र कासिम दीन निवासी हीरानगर के रूप में हुई है। दोनों घायलों का इलाज उपजिला अस्पताल में जारी है।