रामबन जिले के बनिहाल की पंचायत चकनरवा के चोपानपुरा गांव में बुधवार सुबह एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मरने वालों में मां, बेटा और दो बेटियां हैं, जो मंगलवार रात को घर की रसोई में सोए थे।
इनकी पहचान नूरजहां (35), पत्नी अब्दुल रशीद, बेटा जफर अहमद (12), बेटी शाहिजा बानो (8) और आसिया बानो (5) के रूप में हुई है। डीसी रामबन मुसर्रत इस्लाम ने बताया कि चोपानपुरा गांव में एक घर में महिला तीन बच्चों के साथ सुबह मृत पाई गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बुधवार सुबह गांववालों ने सूचना दी कि एक परिवार के चार सदस्य अपने घर की रसोई में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए हैं। सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे थाना बनिहाल के एसएचओ मोहम्मद अफजल वानी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए बनिहाल अस्पताल भेजकर जांच शुरू कर दी है।
परिवार का मुखिया अब्दुल रशीद घटना के समय घर पर मौजूद नहीं था। एसएसपी रामबन मोहिता शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रारंभिक जांच से सामने आया है कि चारों की मौत दम घुटने से हुई होगी, क्योंकि जहां ये लोग सोए थे वहां पर एक अंगीठी पाई गई है।