भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव का राज्य का दौरा स्थगित हो गया है। वह शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर आने वाले थे। पार्टी सूत्रों के अनुसार नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से शनिवार को जम्मू कश्मीर की स्थिति के संदर्भ बैठक बुलाई गई है। इसमें राम माधव भी उपस्थित रहेंगे।
राम माधव ने राज्य के दौरे को स्थगित करने की सूचना प्रदेश नेतृत्व को दे दी है। हालांकि राम माधव ने जल्द ही राज्य का दौरा करने की इच्छा भी जताई है। दूसरी तरफ प्रदेश पदाधिकारियों के साथ होने वाली राम माधव की रविवार को जम्मू में बैठक को स्थगित नहीं किया गया है। अब यह बैठक प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना और महासचिव संगठन अशोक कौल की देखरेख में होगी। इसमें पंचायती और स्थानीय निकाय चुनाव से लेकर लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश में भाजपा की रणनीति पर चर्चा होगी और कई फैसले भी लिए जाएंगे।
बैठक में रियासत के सियासी परिदृश्य के अलावा प्रदेश की नई टीम को विभिन्न स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपने के बारे में भी निर्णय लिया जा सकता है। राम माधव के दौरे के स्थगित होने के बारे में प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि गृह मंत्री राजनाथ सिंह की तरफ से शनिवार को जम्मू कश्मीर की सुरक्षा स्थिति से संबंधित बैठक बुलाई है। इस बैठक में राम माधव भी उपस्थिति रहेंगे। ऐसे में उनका दौरे की तिथि अब बाद में तय होगी।