राजनाथ सिंह की रैली में शामिल होने के लिए पहुंचे लोग
- फोटो : अशीष कपूर
कोई भारतीय नागरिक नहीं खोएगा नागरिकता
राजनाथ सिंह ने लोगों को आश्वासन दिया कि सीएए के कार्यान्वयन के बाद कोई भी भारतीय नागरिक अपनी नागरिकता नहीं खोएगा, जबकि भाजपा अगले पांच वर्षों में पार्टी घोषणापत्र में किए गए वादे के अनुसार समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू करने का अपना वादा निभाएगी।
उन्होंने तीन तलाक पर प्रतिबंध का भी जिक्र करते हुए कहा कि चाहे उनकी पार्टी सरकार बनाए या न बनाए, महिलाओं की गरिमा और सम्मान पर हमला उन्हें स्वीकार्य नहीं है।
तीन तलाक का जिक्र करते हुए सिंह ने कहा कि कुछ लोग कह रहे हैं कि आप दूसरों के धार्मिक मामलों में क्यों दखल दे रहे हैं। उन्होंने कहा, 'मैं उन्हें यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि कोई भी महिला, चाहे वह किसी भी धर्म की हो, हमारी मां, बहन और बेटी है।'
कहा, 'हमने अनुच्छेद 370 को समाप्त कर इसे देश के अन्य हिस्सों के बराबर ला दिया। विपक्षी दल 1984 से राम मंदिर के निर्माण के बारे में बात कर रहे थे, लेकिन यह हमने किया और हमारे प्रधानमंत्री ने 22 जनवरी को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की।'
विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर भारत
सिंह ने कहा कि दुनिया मानती है कि भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर आगे बढ़ रहा है और इसकी छवि भी इतनी निखरी है कि दुनिया हमारी बात ध्यान से सुनती है। अतीत में कोई भी हमें गंभीरता से नहीं ले रहा था।
भाजपा जो कह रही है वह कर रही
उन्होंने कहा कि भाजपा जो कह रही है वह कर रही है और कांग्रेस के साथ ऐसा नहीं है जिसने इतने दशकों तक देश पर शासन किया लेकिन वह देश को एक शक्तिशाली राष्ट्र बनाने में विफल रही जो उसे तीन दशक पहले करना चाहिए था।
महबूबा मुफ्ती पर किया कटाक्ष
सिंह ने पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती की उस टिप्पणी पर भी उन पर कटाक्ष किया कि अनुच्छेद 370 के निरस्त होने की स्थिति में जम्मू-कश्मीर में तिरंगा उठाने वाला कोई नहीं होगा। उन्होंने कहा, 'महबूबा मुफ्ती, मैं आपको बताना चाहता हूं कि आज जम्मू-कश्मीर के सभी हिस्सों पर तिरंगा फहराया जा रहा है।'
अब प्रदेश में दूध की नदियां बह रहीं
कश्मीर की सड़कों पर खून-खराबा होने की एक अन्य टिप्पणी का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर में दूध और पानी की धाराएं बह रही हैं, जो अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद से हुए महत्वपूर्ण विकास और प्रगति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर को ब्याज सहित चीजें लौटाई हैं। जम्मू-कश्मीर विकास और प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
राहुल गांधी को भी घेरा
पिछले साल की शुरुआत में कश्मीर के गुलमर्ग में अपनी बहन प्रियंका के साथ बर्फ में खेलने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर इशारा करते हुए, सिंह ने इसे अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद क्षेत्र में व्याप्त शांति के चलते ही वह ऐसा कर पाए।
साढ़े चार घंटे के लिए रुकवा दिया युद्ध
राजनाथ सिंह ने कहा, 'रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध चल रहा है। वहां कई भारतीय छात्र पढ़ रहे थे। रूस के साथ-साथ यूक्रेन से भी मिसाइलें दागी जा रही थीं और बड़ी संख्या में लोग मारे जा रहे थे। इसी बीच लोगों ने पीएम मोदी से भारतीय छात्रों को वापस लाने की गुहार लगाई। ...हमारे प्रधानमंत्री ने रूस, यूक्रेन और अमेरिका के राष्ट्रपतियों से बात की। साढ़े चार घंटे के लिए युद्ध रोक दिया गया और 22,500 छात्र यूक्रेन से भारत आए।'
जम्मू कश्मीर में पांच लोकसभा सीटें हैं। इनमें से दो पर अभी तक भाजपा ने उम्मीदवार उतारे हैं। जम्मू संभाग के उधमपुर सीट से डॉ. जितेंद्र सिंह और जम्मू सीट से जुगल किशोर शर्मा पर भाजपा ने विश्वास जताया है। हालांकि कश्मीर की तीन सीटों पर अब तक उम्मीदवारों का एलान नहीं किया गया है।
दस अप्रैल को कठुआ के जिला खेल मैदान में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने डॉ. जितेंद्र सिंह के पक्ष में प्रचार किया था। वहीं, शुक्रवार, 12 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उधमपुर में रैली की। अब कल, 16 अप्रैल को जम्मू के पलौरा में गृहमंत्री अमित शाह रैली करेंगे।
कांग्रेस ने जम्मू सीट से रमण भल्ला और उधमपुर सीट से चौधरी लाल सिंह को मैदान में उतारा है। पीडीपी और नेकां ने जम्मू सीट पर कांग्रेस को समर्थन देने का एलान किया है। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के पक्ष में प्रचार भी किया है। वहीं, गुलाम नबी आजाद की पार्टी डीपीएपी ने उधमपुर सीट से जीएम सरूरी को उम्मीदवार बनाया है।
उधमपुर सीट से 12 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस सीट पर चुनाव 19 अप्रैल को होगा। 16 अप्रैल से उधमपुर सीट के लिए प्रचार थम जाएगा। सभी उम्मीदवारों ने अपने पक्ष में वोटर को करने के लिए पूरी ताकत लगा दी है।