जम्मू। कोरोना की रफ्तार कुंद होते ही ट्रेनें बढ़ते ही स्टेशन में यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है। इसके साथ ही जम्मू रेलवे स्टेशन पर व्यवस्था भी चरमराने लगी है। स्टेशन पर लगी लिफ्ट, स्वचालित सीढ़ी और बैगेज स्कैनिंग मशीन खराब पड़ी है। स्टेशन पर सुविधा होने के बावजूद यात्री इसका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।
जम्मू रेलवे स्टेशन देश के ए1 रेलवे स्टेशन में आता है। स्टेशन पर सुविधाएं तो हैं, लेकिन प्रबंधन की अनदेखी के कारण यात्री इसका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। स्टेशन के प्लेटफार्म एक से दो को जोड़ने वाली स्वचालित सीढ़ी खराब है। परिसर से प्लेटफार्म को जोड़ने वाली लिफ्ट बंद है। आरक्षण कार्यालय के तरफ के प्रवेश द्वार पर लगी बैगेज स्कैनिंग मशीन ठप पड़ी है। कोविड के देखते हुए रेलवे प्रबंधन लोगों की भीड़ को कम करने की बजाय उसे बढ़ाने का काम कर रहा है। मुख्य प्रवेश द्वार से ही लोगों को प्लेटफार्म के लिए भेजा जा रहा है, जबकि आरक्षण केंद्र की तरफ वाले प्रवेश द्वार से लोगों को जाने की इजाजत नहीं है। ऐसे में ट्रेन के प्लेटफार्म पर आते जाते समय काफी भीड़ हो जाती है। जिसे संभाला जीआरपी और आरपीएफ के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे में रेलवे को दोनों प्रवेश द्वार से लोगों को प्लेटफार्म तक जाने की अनुमित देने चाहिए।
बिना मास्क के प्लेटफार्म पर घूम रहे यात्री
रेलवे प्लेटफार्म पर लोग कोविड एसओपी का पालन नहीं कर रहे हैं। सामाजिक दूरी के पालन करना तो दूर मास्क तक नहीं पहना जा रहा है। कोविड के प्रति लापरवाही बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है।