जम्मू। गुज्जर नगर में वार्ड छह और सात के लोगों ने प्रेमनगर के मंदिर की बिजली काटने और स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में बुधवार को जोगी गेट के सामने सड़क पर प्रदर्शन किया। इन वार्डों में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची बिजली निगम की टीम को भी लोगों ने भगा दिया। सड़क पर प्रदर्शन के कारण आधे घंटे तक गुज्जर नगर पुल के दोनों ओर यातायात बाधित रहा।
वार्ड सात की पार्षद रितू चौधरी ने कहा कि स्मार्ट मीटर का लोग विरोध कर रहे हैं। स्मार्ट मीटर से बिल ज्यादा आ रहा है, जिसे लोग चुका पाने में असमर्थ हैं। आरोप लगाया कि बिजली निगम चोरी छिपे मीटर लगा कर रहा है, जबकि वार्ड वाइज यह काम होना चाहिए। कहा कि मंदिर की बिजली काटना गलत है। यहां सुबह-शाम लोग पूजा करने आते हैं, लाइट न होने से परेशानी होती है। उधर, वार्ड छह में लोगों ने स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध किया, जिससे टीम को वापस लौटना पड़ा। वार्डवासियों ने चेतावनी दी कि स्मार्ट मीटर लगाने का काम नहीं रोका गया तो धरना लगा देंगे। प्रदर्शन में रसीदा बेगम, फरिश्ता, आरिफ मलिक, अशोक, अजय, आसिफ आदि मौजूद रहे।