दोमाना। अनदेखी के चलते रांजन-अखनूर सड़क की हालत काफी खराब है, जिसकी आजतक सुध नहीं लेने पर पड़ता के लोगों के सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर जल्द मरम्मत करवाने की मांग उठाई है।
स्थानीय निवासी पूर्व नायब सरपंच बलविंदर सिंह, कृष्ण लाल, संजय कुमार, विकास, भानु प्रताप, कमल कुमार और प्रेम सिंह ने बताया कि रांजन-अखनूर सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। इस कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। बरसात में स्थिति और भी खराब हो जाती है। गड्ढों में पानी भरने से हादसों का अंदेशा बना रहता है। बलविंदर सिंह ने बताया कि कई बार सड़क लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत करवाया गया, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। लोगों ने विभाग को चेतावनी दी है कि अगर जल्द सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो वह सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हो जाएंगे। इस बारे में लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अधिकारी सुरेश खजूरिया ने बताया कि जल्द ही मरम्म करवा दी जाएगी।