जम्मू। तीन माह का वेतन नहीं मिलने पर जलशक्ति विभाग के अस्थाई कर्मचारियों का वीरवार को सब्र का बांध टूट गया। पीएचई इंप्लाइज यूनाइटेड फ्रंट के नेतृत्व मुख्य अभियंता कार्यालय और नगर निगम कार्यालय का घेराव कर रोष जताया। कर्मचारियाें का कहना है कि नगर निगम के अधीन आने के बाद परिवार चलाना भी मुश्किल हो गया है। वहीं, कर्मियों ने 12 मई तक वेतन नहीं मिलने पर कामछोड़ हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।
जानकारी के अनुसार वीरवार को जलशक्ति विभाग के अस्थाई कर्मचारियों ने तीन माह से वेतन की अदायगी नहीं होने पर पीएचई इंप्लाइज यूनाइटेड फ्रंट के बैनर तले मुख्य अभियंता कार्यालय और जेएमसी का घेराव किया। वहीं, बीसी रोड स्थित मुख्य अभियंता कार्यालय से नगर निगम कार्यालय तक रोष रैली भी निकाली। इस दौरान फ्रंट के पदाधिकारी रवि हंस ने कहा कि वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों को घर का खर्चा चलाना मुश्किल हो रहा है। कई बार इस बारे में विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया गया है, लेकिन अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जलशक्ति विभाग की विंग अब नगर निगम के अधीन है।
नगर निगम की स्वीकृति के बाद ही वेतन की अदायगी होगी। अभी तक पूरा रिकार्ड नगर निगम के पास नहीं पहुंचा है। सदस्यों ने नारेबाजी करते हुए मेयर कार्यालय का घेराव भी किया। इस दौरान डिप्टी मेयर पूर्णिमा शर्मा ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि दो दिन में समस्या हल कर दी जाएगी। इस संबंध में जलशक्ति विभाग के अधिकारियों से बैठक होगी। जहां भी समस्या आ रही है, उसे दूर किया जाएगा। कर्मचारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि पहले दो मई का समय वेतन अदायगी के लिए दिया गया था। अब 12 मई तक समस्या हल नहीं होती है, तो कामछोड़ हड़ताल पर चले जाएंगे।