जम्मू। नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान को जारी रखते हुए वीरवार को पुराने शहर में कार्रवाई की है। इस दौरान दुकानों के बाहर फुटपाथ पर रखा गया करीब दो ट्रक सामान जब्त किया गया है। इस दौरान टीम और दुकानदारों के बीच काफी कहासुनी भी हुई। इसके साथ ही दुकानदारों में अफरा-तफरी मची रही।
नगर निगम की टीम दोपहर साढ़े बारह बजे पुराने शहर में पहुंची। इस दौरान रघुनाथ बाजार के दोनों ओर फुटपाथ से सामान को जब्त किया गया। इसके बाद सिटी चौक में भी अभियान चलाया, जहां फुटपाथ पर सामान बेचने वालों और दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त किया गया। चौक चबूतरा, राजेंद्र बाजार और शहीदी चौक में भी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। करीब दो ट्रक सामान जब्त किया गया।
नगर निगम के अनुसार पुराने शहर में बाजार तंग है। दुकानों के आगे सामान सजाकर रखा जा रहा है, जिससे राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वह सड़क पर चलने के लिए मजबूर हैं, जिससे हादसों का अंदेशा बना रहता है। वहीं, फुटपाथों पर लोग सामान बेच रहे हैं। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि पीली लाइन के आगे सामान रखना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संयुक्त आयुक्त इंफोर्समेंट विंग हितेश गुप्ता ने कहा कि दो ट्रक सामान का जब्त किया गया है। उन्होंने दुकानदारों से दुकानों के आगे सामान नहीं रखने की अपील की है। बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।