जम्मू। लक्ष्मण रेखा (येलो लाइन) खींचने के विरोध में व्यापारियों के समर्थन में अब स्थानीय पार्षद भी उतर आए हैं। मंगलवार को नगर निगम कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर नारेबाजी की है। वहीं, मुख्य गेट बंद कर भी रोष जताया है। उन्होंने निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि दुकानदारों और कारोबारियों के साथ अन्याय सहन नहीं होगा। इसलिए तत्कालीन अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
निर्दलीय पार्षद गौरव चोपड़ा, अनु बाली और अमित गुप्ता ने मंगलवार को दुकानों के शटर के नीचे लक्ष्मण रेखा खींचने के विरोध निगम अधिकारियों, निगमायुक्त, मेयर व डिप्टी मेयर के खिलाफ जम कर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि निगम जिस तरह से इन दिनों दुकानों को तोड़ रहा है और पीली लाइन लगा कर परेशान कर रहा है। यह सरासर दुकानदारों के साथ अन्याय है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर में दुकानों अवैध करार देकर दुकानदारों को डराया जा रहा है। इसका हर स्तर पर विरोध किया जाएगा। अगर ये दुकानें अवैध हैं तो इनके निर्माण के समय कार्रवाई करनी चाहिए थी। इसलिए तत्कालीन अधिकारियों के खिलाफ भी कदम उठाया जाए। पीला पंजा चलाने से दुकादारों को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। लेकिन मेयर और डिप्टी मेयर मौन हैं। अगर इनके बस में कुछ नहीं है तो उन्हें अपने पदों से इस्तीफा दे देना चाहिए। भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना को भी जनता को जवाब देना चाहिए।
येलो लाइन के विरोध में निकाली रैली
जम्मू। जम्मू वेस्ट असेंबली मूवमेंट ने येलो लाइन के विरोध में न्यू प्लाट से अंबफला तक रैली निकाल कर प्रदर्शन किया। इस मौके पर अध्यक्ष सुनील डिंपल ने कहा कि येलो लाइन की वजह से व्यापारी वर्ग आहत है। विभागों की ओर से अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके साथ ही दरबार मूव को बहाल किया जाए। राज्य को विशेष दर्जा दिया जाए। लोगों के छीने अधिकारों को वापस दिया जाए। लोग बेरोजगार हो गए हैं। ब्यूरो