रियासी। रामबन में स्कूल की इमारत को तोड़ने के बाद वहां पर आए दिन हो रहे प्रदर्शन का असर शुक्रवार को जिला मुख्यालय में भी दिखा। शुक्रवार दोपहर को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने रोष रैली निकाल कर डीसी रामबन तथा एसएसओ रामबन के खिलाफ नारेबाजी की।
परिषद के सदस्यों की यह रोष रैली जनाना पार्क से शुरू होकर बस अड्डे तक पहुंची। यहां पर सभी ने धरना दिया। इस दौरान कहा कि रामबन में जो कुछ हुआ है वह विद्यार्थियों को आहत करने का मामला है।
रामबन में प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों पर पुुलिस ने लाठीचार्ज किया। वीरवार को भी उन पर लाठीचार्ज किया गया था। परिषद के सदस्यों ने कहा कि रामबन में विद्यार्थियों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा ह। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
परिषद के सदस्यों ने डीसी रामबन का पुतला जलाने की कोशिश की। इस दौरान मौके पर पुलिस की एक पार्टी ने पहुंच कर जिला संयोजक आकाशदीप सिंह तथा कुछ अन्य सदस्यों को हिरासत में ले लिया बाद में उनको मुचलके पर छोड़ दिया गया।