कांग्रेस नेता पर हमले का मामला गर्माता जा रहा है। कल देर रात मजालता के पलडेई में युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव आरएस पठानिया पर हुए हमले के बाद आज कांग्रेस, भाजपा और पीडीपी के कार्यकर्ताओं समेत वकीलों ने भी हमले की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सभी दलों के नेता शनिवार की सुबह रानी पार्क में जुट कर मुख्य बाजार में आए और पैंथर्स पार्टी के विरोध में नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कांग्रेस नेता पठानिया पर हमला कायरतापूर्ण हरकत है। उन्होंने लोकतंत्र को कलंकित किया है। इसलिए ऐसे आरोपियों को पकड़ कर सलाखों के पीछे डालने की मांग की।
करीब एक घंटे तक प्रदर्शन चलता रहा। बाद में थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करवाया। इस अवसर पर कांग्रेस नेता विनोद खजूरिया, जगमोहन सिंह, वीरेंद्र सिंह, राहुल जंवाल, विनोद जंवाल, भाजपा नेता राजेंद्र शर्मा, राकेश खार्का, पीडीपी के नासिरुद्दीन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
हमले के विरोध में शनिवार को बार एसोसिएशन के बैनर तले उधमपुर के वकीलों ने एक दिन की हड़ताल रख कर प्रदर्शन किया। वकीलों का कहना था कि इसके लिए पूरी तरह से पुलिस जिम्मेदार है। पुलिस आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करे। बार एसोसिएशन के महासचिव जेडी सलाथिया के नेतृत्व में वकीलों ने हड़ताल रखकर कर दोपहर करीब बारह बजे प्रदर्शन किया।
इस दौरान एडवोकेट अखिल दुबे, पवन हांडा, पंकज वर्मा, अखिल राजपूत, राहुल जंडियाल व अन्य कई वकीलों ने बताया कि आरएस पठानिया पर हमले के विरोध में जम्मू बार एसोसिएशन के आदेश के अनुसार उधमपुर में भी एक दिन की हड़ताल रखी गई है।