जम्मू। प्रदेश में कोविड संक्रमित मामलों में उतार चढ़ाव जारी है। प्रदेश में शनिवार को 116 नए संक्रमित मामले मिले, इसमें 85 मामले कश्मीर संभाग से हैं। राजधानी श्रीनगर में प्रदेश में सर्वाधिक मामले आने का सिलसिला जारी है। प्रदेश के छह जिलों में कोई संक्रमित मामला नहीं मिला है। पिछले चौबीस घंटे में एसएमएचएस अस्पताल श्रीनगर में एक संक्रमित मरीज की मौत हुई है। श्रीनगर में कोविड संक्रमण का प्रसार जारी है। यहां 47 नए संक्रमित मामले मिले। प्रदेश में इसी जिले में सर्वाधिक 548 सक्रिय मामले हैं। जिले में अब तक 836 लोगों की कोविड से मौत हो चुकी है। प्रदेश के जिला पुंछ, सांबा, कठुआ, उधमपुर, शोपियां, कुलगाम में कोई संक्रमित मामला नहीं मिला। जिला रियासी, रामबन, किश्तवाड़, राजोरी, गांदरबल, बांदीपोरा, अनंतनाग, कुपवाड़ा, बड़गाम और बारामुला प्रत्येक में दस से कम संक्रमित मामले मिले हैं। जिला डोडा और पुलवामा में 14-14 संक्रमित मामले मिले हैं। जिला जम्मू में 5 संक्रमित मामले मिले हैं।जम्मू कश्मीर में वर्तमान में 1327 सक्रिय मामले हैं।
आज शिक्षकों के लिए 11 स्थानों पर विशेष टीकाकरण शिविर
जम्मू। शिक्षक दिवस पर रविवार को शिक्षकों के लिए जिले के 11 स्थानों पर विशेष टीकाकरण शिविर वाक का आयोजन किया जा रहा है। यह टीकाकरण सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलेगा। यह टीकाकरण विशेष तौर पर शिक्षकों को समर्पित किया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से जारी शेड्यूल में श्री रणवीर हायर सेकेंडरी स्कूल, डोगरा हाल, सरकारी एचएसएस, शास्त्रीनगर, एसडीएच अखनूर, एसडीएच चौकी चौरा, सीएचसी खौड़, एसडीएच बिश्नाह, एसडीएच आरएस पुरा, पीएचसी डंसाल, एसडीएच कोट भलवाल, एसडीएच मढ़ और एसडीएच सुआजना में शिक्षकों के लिए विशेष टीकाकरण शिविर लगेगा। जिले में अब तक 12 लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।जिसमें व्यस्क वर्ग में 70 फीसदी आबादी को पहली वैक्सीन की खुराक के लिए कवर कर लिया गया है। पिछले एक हफ्ते में से जिले में टीकाकरण में गति आई है, जिसमें गत दिवस एक ही दिन में रिकार्ड 29 हजार से अधिक लोगों का टीकाकरण किया गया।