जम्मू। नगर निगम जम्मू ने बाय-बाय प्लास्टिक अभियान शुरू किया है। इसके तहत पॉलीथिन जमा करवाने पर कपड़े और जूट का थैला दिया जाएगा। जम्मू शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक, पॉलीथीन के उपयोग को पूरी तरह से बंद करने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है। पहले चरण में शहर के प्रमुख क्षेत्रों शहीदी चौक, रघुनाथ बाजार मंदिर गेट, राजेंद्र बाजार के पास दस स्टॉल स्थापित किए गए हैं। ये स्टॉल कपड़े और जूट से बने थैलों के साथ सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन के एक्सचेंज प्वाइंट के रूप में काम करेंगे। लोगों को बाजार से सामान ले जाने के लिए जूट या कपड़े के थैले का उपयोग करने के लिए जागरूक किया जाएगा। दुकानदारों को प्लास्टिक कचरा प्रबंधन नियम, 2021 के विभिन्न पहलुओं और प्रावधानों से भी अवगत कराया जाएगा। शनिवार को तालाब खाटीका, परेड ग्राउंड और जम्मू शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर प्लास्टिक से होने वाले दुष्परिणाम के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। मौके पर नगर निगम की स्वास्थ्य अधिकारी संयोगिता सूदन, सचिव अतुल कुमार गुप्ता, प्रोजेक्ट मैनेजर धीरज सिंह मन्हास आदि मौजूद रहे।