जम्मू। आयरलैंड से जम्मू पहुंचे युवक के ओमिक्रॉन संक्रमित होने की आशंका जताई जा रही है। उसमें कोरोना के लक्षण पाए गए हैं। इसके बाद उसके सैंपल को जांच के लिए दिल्ली भेजा गया है। गांधीनगर निवासी युवक को डीआरडीओ अस्पताल जम्मू में भर्ती किया गया है। उसके संपर्क में आए लोगों की जांच की जा रही है। कोरोना के नए स्वरूप को लेकर जम्मू-कश्मीर में विदेशी यात्रियों की निगरानी बढ़ा दी गई है।
आयरलैंड से आया युवक पांच दिसंबर को नई दिल्ली पहुंचा। छह दिसंबर को जम्मू हवाई अड्डे पर उतारा। बताया जाता है कि आयरलैंड और दिल्ली एयरपोर्ट पर उसकी रैपिड टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई थी, लेकिन जम्मू एयरपोर्ट पर सोमवार को किए गए आरटीपीसीआर परीक्षण में उसके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई। यह रिपोर्ट मंगलवार को आई, तब तक युवक घर में अपनी मां के साथ रह रहा था। अब मां को भी आइसोलेट किया गया है। यह पता लगाया जा रहा है कि युवक चौबीस घंटे में और किन लोगों के संपर्क में आया है। राहत यह है कि उसके परिवार में अकेली मां के अलावा अन्य कोई सदस्य नहीं है। संदिग्ध मामला मिलने पर सतर्कता बढ़ाई गई है। जम्मू एयरपोर्ट पर पहुंच रहे विदेशी यात्रियों को आरटीपीसीआर कोविड परीक्षण सुनिश्चित किया गया है। परीक्षण के बाद उन्हें सात दिन होम आइसोलेट किया जा रहा है, जबकि संक्रमित मिलने पर उन्हें डीआरडीओ अस्पताल में भेजा जा रहा है।
आईएएस अधिकारी समेत 132 और संक्रमित, चार मरीजों की मौत
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में कोविड से मौतों का ग्राफ बढ़ने लगा है। बीते 24 घंटे में प्रदेश में चार लोगों की कोरोना संक्रमण से पीड़ित होने के कारण मौत हुई है। इसमें जम्मू और कश्मीर संभाग में दो-दो मौतें हुई हैं। पिछले करीब साढ़े चार माह बाद चौबीस घंटे में चार मौतें हुई हैं। इस बीच जम्मू में एक महिला आईएएस अधिकारी सहित प्रदेश में 132 नए संक्रमित मामले मिले हैं। इसमें कश्मीर संभाग से 103 मामले हैं।
राजधानी श्रीनगर से सर्वाधिक मामलों का आना जारी है। श्रीनगर में सर्वाधिक 32 नए संक्रमित मामले मिले हैं। चिंता यह है कि पिछले कई हफ्ते से श्रीनगर में लगभग स्थानीय स्तर के मामले मिल रहे हैं, जिससे सामुदायिक स्तर पर संक्रमण का प्रसार हो रहा है। बारामुला में 19, बडदाम में 25 नए संक्रमित मामले मिले हैं। जिला जम्मू में 14 नए संक्रमित मामले मिले और ये सभी स्थानीय स्तर के हैं। जिला रियासी, रामबन, किश्तवाड़, सांबा, शोपियां में कोई नया संक्रमित मामला नहीं मिला है। रामबन दूसरे दिन भी कोविड मुक्त रहा। यहां कोई भी सक्रिय मामला नहीं है। जम्मू कश्मीर में वर्तमान में 1601 सक्रिय मामले हैं, जिसमें कश्मीर संभाग से 1170 मामले हैं। अब तक कोविड से 4487 लोगों की मौत हो चुकी है।