जम्मू-कश्मीर में कोरोना के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। वैष्णो देवी यात्रा परआने वालों के लगातार संक्रमित पाए जाने से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। बीते 24 घंटे में कटड़ा आने वाले 61 और यात्री संक्रमित पाए गए हैं।
जम्मू-कश्मीर में माता वैष्णो देवी के यात्रियों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। बीते 24 घंटे में कटड़ा आने वाले 61 और यात्री संक्रमित पाए गए हैं। इन्हें मिलाकर प्रदेश में 202 नए मामलों की पुष्टि हुई हैं। मां के दर्शन के लिए आने वाले यात्रियों में बीते चार दिन में 151 संक्रमित पाए जा चुके हैं।
विज्ञापन
24 घंटें में संक्रमित पाए गए लोगों में जम्मू संभाग में 88 और कश्मीर संभाग में 114 मामले शामिल हैं। प्रदेश में सक्रिय मामले अब 1731 हो गए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि शनिवार को जम्मू-कश्मीर में किसी कोविड संक्रमित मरीज की मौत नहीं हुई।
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने बढ़ते कोरोना मामलों के मद्देनजर लिए टेस्टिंग बढ़ा दी है। बीते 24 घंटों में 50755 कोविड टेस्ट प्रदेश में किए गए हैं, इसमें 202 संक्रमित पाए गए। संक्रमित पाए गए लोगों में 64 यात्री और 138 स्थानीय लोग हैं।
विज्ञापन
जम्मू संभाग के जम्मू जिले में 15, राजोरी में चार, डोडा में छह, कठुआ में एक, सांबा में एक कोरोना का मामला सामने आया है। कश्मीर के श्रीनगर जिले में 49, बारामूला में 18, बडगाम में 12, पुलवामा में छह, कुपवाड़ा में छह, अनंतनाग में तीन, बांदीपोरा में 11, गांदरबल में नौ लोग संक्रमित मिले हैं।
बीते 24 घंटों के दौरान 179 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। कुल मिलाकर मरीजो का आंकड़ा बढ़कर 337646 पर पहुंच गया हैं और एक्टिव मामले 1731 हैं। कश्मीर संभाग में 1276 व जम्मू संभाग में 455 सक्रिय मामले हो गए हैं। कोरोना से मृतको की संख्या प्रदेश में 4479 हैं।