जम्मू। जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के अध्यक्ष जीए मीर ने दिल्ली में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से मुलाकात कर जम्मू-कश्मीर के मौजूदा परिदृश्य पर चर्चा की। उन्होंने पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात कर प्रदेश के लोगों के संबंधित व्यापक मुद्दों पर बात की।
मीर ने शीर्ष नेतृत्व को जम्मू कश्मीर में संगठनात्मक मामलों और गतिविधियों के बारे में अवगत कराया। उन्होंने सामाजिक-राजनीतिक विकास के साथ लोगों के सामने ज्वलंत मुद्दों में बढ़ती बेरोजगारी, तालाबंदी से आर्थिक नुकसान, विकास की कमी और सार्वजनिक महत्व के मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनता की चुनी हुई सरकार न होने के कारण जम्मू कश्मीर के लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग बेचैन हैं। जम्मू कश्मीर में परिसीमन आयोग की हालिया यात्रा के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्होंने संगठन के महासचिव केसी वेणुगोपाल, पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद और वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी से भी कई मुद्दों पर बात की। पार्टी नेतृत्व को लोगों के सामने पेश आ रही कठिनाइयों के बारे में बताया गया।