जम्मू। धार्मिक आधार पर लोगों को बांटना और जम्मू-कश्मीर में शांति भंग करने की पाकिस्तानी साजिश का हिस्सा है। लोगों को भाईचारा कायम रखकर देश विरोधी ताकतों को जवाब देना चाहिए। यह बातें भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कहीं।
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने वाले तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा। नेशनल हेराल्ड मनी लांड्रिंग जांच में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी से पूछताछ पर देशभर में हंगामे की कोई जरूरत नहीं थी। कानून सबके लिए एक है और यह एक न्यायिक प्रक्रिया है। देश में कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।
जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान हमारे बलों से हार का सामना कर रहा है। शांतिपूर्ण माहौल खराब करने के लिए लक्षित हत्याओं का सहारा लिया जा रहा है। डोडा और किश्तवाड़ में भी तनाव पैदा करने की कोशिशें की गईं। जम्मू-कश्मीर में शांतिप्रिय लोग हैं। एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना हमारी जिम्मेदारी है। यह हमारी संस्कृति और पूर्वजों की शिक्षा है। राष्ट्र को मजबूत करने और गंदी राजनीति करने वाले तत्वों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए एकजुट होना होगा। ढाका में एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए राजोरी निवासी मेडिकल छात्र शोएब लोन को पीएम के हस्तक्षेप के बाद एयरलिफ्ट कर एम्स लाया गया है।