जम्मू। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को सात दशक तक अब्दुल्ला, मुफ्ती और गांधी परिवारों ने लूटने का काम किया। मोदी सरकार अब सही मायने में प्रदेश का विकास कर रही हैं। चुघ ने शनिवार को जम्मू पहुंचकर देवेंद्र सिंह राणा के निवास पर जाकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के दौरान यह बात कही।
उन्होंने कहा प्रदेश के विकास के लिए आनी वाली राशि को तीन परिवार अपने जेबो में भरते रहे। जब भी भ्रष्टाचार का सवाल आता हैं तो यह परिवार पाकिस्तान से बातचीत शुरू करने की रट लगा देते हैं। साथ ही अलगाववादी गतिविधियों की चर्चा करने लगते हैं जिसे उन्होंने पिछले 70 सालों में समर्थन दिया है। भाजपा चाहती है कि जम्मू कश्मीर विकास के मामले में अग्रणी बने और जल्द ही इसका चेहरा बदले। इस दौरान जम्मू-कश्मीर में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक हालात पर मंथन
चुघ ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग से बैठक कर पार्टी की जम्मू व कश्मीर संभाग में गतिविधियों व विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियों की समीक्षा भी की और पार्टी नेताओं को अपनी गतिविधियों को ओर तेज करने के लिए कहा। लगभग एक घंटे तक चली बैठक में जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक हालात तथा संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना व महासचिव सुनील शर्मा भी मौजूद थे। बैठक के बाद चुघ लौट गए। वह सुबह ही संगठनात्मक कार्यों के सिलसिले में जम्मू पहुंचे थे। राणा के घर हुई बैठक को अहम माना जा रहा है।