रियासती पुलिस के आदेश के बावजूद पुलिस जवानों से जबरन पुलिस मेले की टिकटें बिकवाईं जा रही हैं। यही कारण है कि पुलिस जवान नाकों पर रोके जाने वाले वाहनों को टिकट लेने के लिए मजबूर कर रहे हैं।
हालांकि इस संबंध पुलिस अधिकारी कुछ भी कहने से कतरा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस विभाग की ओर से श्रीनगर में आयोजित होने वाले पुलिस मेले के लिए टिकटों की बिक्री जोरों पर है।
प्रत्येक पुलिस जवान को चार-चार टिकटें बेचने का आदेश जारी हुआ है। प्रत्येक टिकट की कीमत 40 रुपये है, जिसके चलते पुलिस जवानों में खासा रोष है। कुछ जवानों का कहना था कि एक तो जवानों से जबरदस्ती वेलफेयर फंड काटा जाता है।
वहीं हर वर्ष दो बार लगाने वाले पुलिस मेले की लाटरी टिकटें बेचने के लिए मजबूर किया जाता है। यही कारण है कि यह टिकटें नाकों पर बेची जा रही हैं। नाकों से गुजरने वाले वाहन चालकों, खासकर कामर्शियल वाहन और दो पहिया चालकों को टिकटें खरीदने का दबाव डाला जाता है।
टिकट नहीं लेने पर चलान काटने की बात कही जाती है। लोगों का कहना था कि पुलिस को ऐसे लोगों को डरा-धमका कर टिकट नहीं बेचने चाहिएं। सरकार को भी चाहिए कि ऐसी प्रथा पर रोक लगाए।
उल्लेखनीय है कि ऐसी शिकायतें पहले मिलने पर विभाग की ओर से बाकायदा आदेश जारी किया गया था कि किसी भी जवान पर टिकट बेचने का दबाव न डाला जाए।