पुलिस ने जखैनी इलाके से करोड़ों रुपये की आठ किलो हेरोइन की खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएसपी उधमपुर राजीव पांडे के अनुसार शुरुआती जांच में इस तस्करी के पाकिस्तान के साथ तार जुड़ते नजर आ रहे हैं, क्योंकि दोनों तस्कर इंटरनेट कालिंग के जरिए पाकिस्तान में किसी के साथ सपर्क में थे।
एसएसपी राजीव पांडे ने बताया कि वीरवार देर रात को पुलिस ने घाटी से जम्मू की तरफ जा रही सूमो नंबर जेके03ए-6015 को तलाशी के लिए रोका। तलाशी लेने पर पुलिस ने अंदर से करीब आठ किलो हेरोइन की खेप बरामद की। पुलिस ने उसी समय सूमो में सवार सिराज अहमद पुत्र गुल मोहम्मद और जावेद अहमद पुत्र कबीर शाह दोनों निवासी काजीकुंड जिला कुलगाम को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से पुलिस ने नशीली वस्तुओं की तस्करी करने वाले तस्करों के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। पाकिस्तान की तरफ से लगातार राज्य में हेरोइन की खेप भेज कर युवाओं को निशाना बनाया जा रहा है।
इस बार पाकिस्तान से भेजी गई बड़ी खेप को पकड़ने में पुलिस को कामयाबी मिली है। इनके पास से पाकिस्तान के कुछ नंबर मिले हैं, जिनके जनिए इन आरोपी तस्करों को दिशा निर्देश दिए जा रहे थे कि किस स्थान पर इस खेप को लेकर जाना है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिस की तरफ से लगातार तस्करों पर नजर रखी जा रही है और इनको पकड़ा भी जा रहा है। पुलिस पाकिस्तान के साथ बैकवर्ड व फारवर्ड लिंक की लगातार जांच कर रही है। इन दोनों से पुलिस को कई तरह की जरूरी जानकारी मिली है। इस जानकारी को अभी सांझा नहीं किया जा सकता है। युवाओं व किशोर वर्ग को नशे के जाल में फंसने से बचाने का पुलिस पूरा प्रयास कर रही है। ड्रग डी एडिक्शन पॉलिसी को लेकर पुलिस काम कर रही है।
पुलिस नहीं कर रही राशि की पुष्टी
सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार पकड़ी गई खेप की कीमत करीब 40 करोड़ रुपये हैं, लेकिन पुलिस इसकी पुष्टी नहीं कर रही है। एसएसपी राजीव पांडे ने कहा कि पकड़ी गई खेप की कीमत करोड़ों में है, लेकिन इसकी सही पुष्टी नहीं की जा सकती है। पकड़ी गई खेप को एफएसएल के पास भेजा जाएगा। जांच में पता चलेगा कि खेप की क्वालिटी क्या है और उसके बाद ही इसकी सही कीमत के बारे में बताया जा सकता है।