खौड़ में पुलिस पब्लिक मीट का आयोजन
ज्यौड़ियां। खौड़ थाने में वीरवार को पुलिस पब्लिक मीट आयोजित हुई। इसमें डीएसपी अखनूर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। मीट के दौरान क्षेत्र की पंचायतों के सरपंचों, पंचों, पार्षदों तथा अन्य ने बढ़चढ़ कर भाग लिया और समस्याएं बताईं।
बैठक में पुलिस से क्षेत्र में जारी खनन पर रोक लगाने की मांग की गई। लोड कैरियर डंपर तथा ट्रैक्टर में ओवरलोडिंग से सड़कों पर बजरी आदि बिखर जाती है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का डर बना रहता है। वार्ड-6 के पार्षद दीपक सिंह ने क्षेत्र में बढ़ते नशे के धंधे पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र में नशाखोरी प्रति दिन बढ़ रही है। इसकी चपेट में स्कूल-कॉलेज के बच्चे आ रहे हैं। हमें बच्चों के भविष्य पर खतरा मंडरा रहा है। क्षेत्र में फैलते इस धंधे पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई की जाए। लोगों ने पुलिस से खेल प्रतियोगिताएं कराने को भी मांग की।
क्षेत्र की कुछ माइनर नहरों की सफाई नहीं होने का मुद्दा भी मीट में उठा, जिसमें लोगों ने कहा कि सिंचाई विभाग की तरफ से नहरों में पानी छोड़ दिया गया, लेकिन क्षेत्र के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने वाली नहरों की तो अभी तक सफाई नही हुई है।
एसडीपीओ ने ग्रामीणों से कहा कि आपके सहयोग के बिना पुलिस अधूरी है। आपके सहयोग से ही अपराधों पर अंकुश लगाया जा सकता है। एसडीपीओ ने कहा कि यहां हर माह पुलिस पब्लिक मीट होगी, जिसमें आप लोगों की जरनल समस्याओं को भी सुना जाएगा। ताकि आप लोगों की समस्याओं को उजागर कर हम लोग प्रशासन के उच्च अधिकारियों तक पहुंचा सकें।
मीट में बीडीसी चेयरमैन ब्लाक सामोआ परवीन कुमार, चेयरमैन म्यूनिसिपल कमेटी खौड़ डिप्टी राम, थाना प्रभारी बलविंदर सिंह, सरपंच पठान सिंह, सवर्ण सिंह, विजय सिंह आदि उपस्थित रहे।