पुंछ जिले की मंडी तहसील के बेदार गांव में मंगलवार को लॉकडाउन का उल्लंघन रोकने गए पुलिस दल पर कुछ लोगों ने पत्थरों से हमला कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांव के पूर्व सरपंच सहित 35 लोगों, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं, उनके खिलाफ मंडी थाने में मामला दर्ज कर लिया।
हालांकि अब तक किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया गया है। वहीं इस घटना में पुलिस द्वारा किसी भी जवान के गंभीर रूप से घायल होने से इनकार किया गया है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को मंडी पुलिस को सूचना मिली कि तहसील मुख्यालय से सात आठ किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव बेदार में लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए सड़क निर्माण का काम किया जा रहा है।
इसमें कई लोगों को काम पर लगाया गया है। सूचना के बाद मंडी थाने से पुलिस के एक दल को गांव बेदार भेजा गया। पुलिस दल ने सड़क निर्माण करा रहे पूर्व सरपंच को काम बंद कराने को कहा। इस पर पहले काम करा रहे पूर्व सरपंच और पुलिस के बीच कहासुनी होने लगी।
इसके बाद पुलिस ने समझा-बुझा कर काम बंद कराया और पूर्व सरपंच (ठेकेदार) को साथ चलने को कहा। इस पर वह राजी होकर चलने लगे। इस बीच लोग बड़ी संख्या में जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दल पर पथराव शुरू कर दिया।
पुलिस ने किसी तरह जान बचाई और वहां से मंडी थाने पहुंची। इसके बाद बेदार के पूर्व सरपंच सहित 35 लोगों के खिलाफ लॉकडाउन का उल्लंघन करने, पुलिस दल पर हमला करने और कानूनी कार्रवाई में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया।
पत्थरबाजी में कुछ पुलिस जवानों को हल्की खरोचें आने की भी सूचना है। पुलिस ने एफआईआर नंबर 29/2020 में धारा188 353,323,336,269,271 और 147 के तहत मामला दर्ज किया है।