नेकां के दीवानगढ में एक दिवसीय सम्मेलन के दौरान पार्टी के नेता लोगो का स्वागत करते हूए
- फोटो : RSPURA
आरएस पुरा। सुचेतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव दीवानगढ़ में नेकां की तरफ से रविवार को सम्मेलन का आयोजन जिला प्रधान नरेश बिट्टू की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान पूर्व मंत्री डॉ. मुस्तफा कमाल व संभागीय अध्यक्ष रतनलाल गुप्ता मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लोगों को गुमराह कर रही है। नेशनल कांफ्रेंस ही जम्मू-कश्मीर के लोगों की आवाज है। उनके हित में फैसले लेने में सक्षम है।
मुस्तफा कमाल ने लोगों से अनुरोध किया कि वह नेशनल कांफ्रेंस को मजबूत करें, ताकि सत्ता में आकर उनकी पार्टी लोगों के हित में कार्य करे। आजादी के बाद जम्मू-कश्मीर को अपना संविधान लागू कर तीनों खित्ते के लोगों की बेहतरी की, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2019 में 370 हटाकर राज्य के लोगों का अधिकार खत्म कर दिया गया। भाजपा की ओर से पाकिस्तान के नाम पर लोगों को गुमराह करने के साथ आपस में लड़ाया जा रहा है। आठ वर्षों से केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर को कमजोर करने के सिवा और कुछ नहीं किया।
कमाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में जल्द से जल्द लोकतंत्र की बहाली होनी चाहिए, लेकिन केंद्र सरकार विधानसभा चुनाव कराने से कतरा रही है। लोगों की राय लिए बिना कानून बनाए जा रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में जल्द विधानसभा चुनाव होने चाहिए, ताकि जनता द्वारा चुने गए नुमाइंदे जम्मू-कश्मीर की खुशहाली तथा बेहतरी के लिए फैसले ले सकें।
इस मौके पर रतन लाल गुप्ता, जिला प्रधान नरेश बिट्टू, विजय लोचन, पूर्व मंत्री बाबू रामपाल, पूर्व विधायक डॉ. गगन भगत, अब्दुल रहमान तेली, विजयलक्ष्मी दत्ता, दलजीत शर्मा, दपिंदर कौर, जनक राज सहित अन्य लोगों ने भी विचार रखें। इस मौके पर अन्य दल छोड़कर कई लोग नेकां में शामिल हुए।