गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कश्मीर में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए सबसे सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा है कि उपद्रवियों से निपटने में पेलेट गन के इस्तेमाल का विकल्प जल्द सामने लाया जाएगा।
इस मुद्दे पर गठित विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट एक-दो दिन में आ जाएगी। हालात सामान्य बनाने की कोशिशों के तहत दिल्ली से सर्वदलीय समिति जल्द कश्मीर आएगी। देश के किसी भी हिस्से में रह रहे कश्मीरी छात्रों के लिए गृह मंत्रालय में एक नोडल अफसर नियुक्त किया जाएगा जिससे कश्मीरी छात्र सीधे संपर्क कर समस्याएं बता सकते हैं।
श्रीनगर में मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के साथ संयुक्त पत्रकार वार्ता में गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र हुर्रियत समेत उन सभी से बातचीत के लिए तैयार है जो कश्मीरियत, इंसानियत और जम्हूरियत में यकीन रखते हैं।
घाटी में हाल में बीएसएफ की तैनाती पर राजनाथ ने कहा कि इसमें कोई संकेत नहीं ढूंढा जाना चाहिए। राजनाथ ने कहा कि हम जन्नत को जहन्नुम नहीं बनने देंगे।