एलओसी पर बर्फबारी के बीच गश्त करते जवान।
- फोटो : पीआरओ सेना
जम्मू कश्मीर में पिछले दो दिन से खराब मौसम के कारण तापमान में भारी गिरावट आई है। कश्मीर में शीत लहर के बाद जम्मू संभाग में ठंड बढ़ी है। यहां कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 6 से 10 डिग्री तक गिर गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित है। उधर नियंत्रण रेखा पर भारी बर्फबारी के बीच जवान लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं।
बर्फबारी के कारण एलओसी के कई इलाके बर्फ की चादर से ढक गए हैं। इलाके में घुसपैठ न हो इसके लिए केरन सेक्टर में जवान लगातार गश्त कर रहे हैं। सेना ने एक वीडियो जारी किया है इसमें साफ देखा जा सकता है कि जवान किस तरह सुरक्षा में लगे हैं। एलओसी पर जवान स्नो स्कूटर का सहारा भी ले रहे हैं।
गत शुक्रवार दोपहर से शनिवार शाम तक जम्मू जिले में मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रहा। निचले इलाकों में भारी जलभराव से राहगीरों के साथ वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी हुई। यहां दिन का तापमान सामान्य से 6.6 डिग्री गिरकर 11.5 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बनिहाल में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 0.2, बटोत में माइनस 1.7, कटड़ा में 7.6, भद्रवाह में माइनस 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी श्रीनगर में बारिश और बर्फबारी के कारण दिन का तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री गिरकर 2.9 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हलगाम में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 0.2, गुलमर्ग में माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह और कारगिल में हड्डियां जमा देने वाली ठंड पड़ रही है। लेह में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 9.7 और कारगिल में माइनस 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।