घगवाल। परिसीमन आयोग की रिपोर्ट पर घगवाल व राजपुरा के लोगों ने रोष जताया है। कहा कि पहले 25 साल हीरानगर के साथ आरक्षित रखा और अब रामगढ़ के साथ साजिश के तहत जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने अपने निजी स्वार्थों के लिए राजपुरा सहित कटली व दियानी पंचायत को रामगढ़ के साथ जोड़ा है, जबकि इन क्षेत्रों का रामगढ़ के साथ कोई लेना देना नहीं है।
राजपुरा में वीरवार को परिसीमन आयोग के खिलाफ भाजपा सहित अन्य पार्टियों ने प्रदर्शन कर राजपुरा के तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। चेतावनी दी कि उनको घगवाल से अलग किया गया, तो इसके परिणाम गंभीर होंगे। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय राज्य मंत्री को जिम्मेदार ठहराया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इनके कुछ नुमाइंदों को पता है कि वह अपनी सीट पर जीत नहीं सकते।
प्रदर्शन में राजपुरा सरपंच सुरेश बसोत्रा, राजपुरा ब्लॉक डीडीसी आशा रानी, बीडीसी मेंबर राजपुरा ब्लॉक राधेश्याम, सरपंच सनूरा दविंद्र सिंह जसरोटिया आदि शामिल थे।