कालाकोट मुठभेड़ में बरामद हथियार
- फोटो : अमर उजाला
कालाकोट के जंगलों में गुरुवार रात मुठभेड़ में मारा गया आतंकी पाकिस्तानी निकला। शव का पोस्टमार्टम करने के बाद उसे कालाकोट में ही किसी स्थान पर दफना दिया गया। इससे पहले शुक्रवार को सुबह भी इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, ताकि अन्य आतंकियों का सुराग लगाया जा सके। सूचना थी कि छह से सात आतंकियों ने घुसपैठ की है जो कालाकोट के रास्ते घाटी में दाखिल होने की फिराक में है। इस सूचना पर सुरक्षाबलों ने घेराबंदी की। इसके बाद मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया था।
शुक्रवार को संयुक्त ऑपरेशन में 63 आरआर, स्पेशल फोर्स और पुलिस के जवानों ने अन्य आतंकियों की दूसरे दिन भी खोज जारी रखी। सैन्य अधिकारियों ने बताया कि मेहारी इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना के बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। इस बीच एक घंटे चली मुठभेड़ में गुरुवार रात एक आतंकवादी को ढेर किया गया था।
सूत्रों ने बताया कि 6 से 7 आतंकवादियों के एक समूह की उपस्थिति पहले मेहरी से कुछ किलोमीटर दूर सियालसुई क्षेत्र में देखी गई थी। नौशेरा एवं सुंदरबनी क्षेत्रों से ताजा घुसपैठ से इनकार नहीं किया जा सकता है, क्योंकि कोई भी पुराना समूह वर्षों से इस क्षेत्र में काम नहीं कर रहा था।
एसएसपी चंदन कोहली ने बताया कि मारे गए आतंकवादी की पहचान, राष्ट्रीयता और संगठन का पता नहीं चला है। सेना ने मुठभेड़ वाले स्थान से 3 एके मैगजीन, 58 राउंड के साथ 1 एके 47 राइफल, 4 चाइनीज हैंड ग्रेनेड (मौके पर नष्ट हो चुके), 4 एंटी पर्सनल माइंस, 4 डेटोनेटर, सिम के साथ 1-मोबाइल और खाने पीने की वस्तुएं बरामद की हैं।