जम्मू संभाग में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सांबा सेक्टर के सीमावर्ती गांव सारथी के सातवीं कक्षा के एक छात्र के व्हाट्सएप से पाकिस्तानी नंबर मिलने के बाद सेना ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंपा है। सीमापार से उसे नशे व हथियारों की तस्करी में शामिल किए जाने की आशंका है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात का पता लगा रही हैं कि गुज्जर समुदाय के इस नाबालिग के पास पाकिस्तानी नंबर कैसे पहुंचा। जिस इलाके से किशोर को पकड़ा गया है वह बब्बर नाले के पास ही स्थित है।
ओजीडब्ल्यू के रूप में सक्रिय होने का संदेह
सूत्रों के अनुसार, नाबालिग के पास पाकिस्तानी नंबर मिलने से यह आशंका है कि वह सीमा पार बैठे हैंडलर से संपर्क है और ओवर ग्राउंड वर्कर के रूप में इलाके में सक्रिय है। इलाके की सूचनाएं पहुंचाने के साथ ही सीमा पार से भेजे जाने वाले हथियार और नशे की खेप भी सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
बब्बर नाले में मिले थे हथियार
गौरतलब है कि 15 अगस्त से पहले बब्बर नाले से हथियार मिले थे। इसी क्षेत्र में कई बार पाकिस्तान ड्रोन की हलचल भी देखी गई है। इसको लेकर सेना व सुरक्षाबल सीमावर्ती क्षेत्र में काफी सतर्क हैं। यह पूरा इलाका आतंकियों की घुसपैठ का पुराना रूट रहा है।