भारतीय सेना ने की जवाबी कार्रवाई
- फोटो : फाइल फोटो
पाक सेना ने करीब दस दिनों के बाद रविवार को देर शाम एक बार फिर नियंत्रण रेखा पर युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए पुंछ के किरनी सेक्टर में मोर्टार बरसाए। इसमें कस्बा और बांड़ी चेचियां गांव में दो मासूमों सहित पांच ग्रामीण घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। पाक सेना की इस गोलाबारी से नियंत्रण रेखा के आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल व्याप्त हो गया है।
रविवार देर शाम करीब छह बजे पाक सेना ने पुंछ नगर के निकटवर्ती किरनी सेक्टर में भारतीय सेना की 9 राजपूत रेजीमेंट की अग्रिम चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर मोर्टार दागने शुरू कर दिए। इसका भारतीय सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। इस बीच रात करीब आठ बजे पाक सेना की गोलाबारी से गांव कस्बा और बांड़ी चेचियां में पांच ग्रामीण घायल हो गए।
इनमें से तीन ग्रामीणों का बांडी चेचियां स्थित प्राथमिक चिकित्सा केंद्र में उपचार किया जा रहा है, जबकि कस्बा के दो ग्रामीणों को पुंछ जिला अस्पताल लाया गया है। घायलों में जाहिद हुसैन (17) निवासी कस्बा, मोहम्मद कासिम (8) निवासी कस्बा, परवीन अख्तर (20), मोहम्मद जमील (45), नूरदीन अशरफ (5) निवासी बांडी चेचियां शामिल हैं। देर रात तक रुक-रुक कर गोलाबारी जारी थी।