घुसपैठ कराने में असफल रहने और लगातार मुंह की खाने के बावजूद पाकिस्तान सीमा पर माहौल खराब करने के इरादे से सीजफायर का उल्लंघन से बाज नहीं आ रहा है। बुधवार को भी पाक ने अरनियां सेक्टर में अग्रिम पोस्ट को निशाना बनाकर गोलाबारी की।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान रेंजर्स ने आज सुबह अरनिया सेक्टर में तीन बीएसएफ चौकियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। पाकिस्तान ने सुबह छह बजे गोलीबारी शुरू की। वे छोटे व स्वचालित हथियारों का इस्तेमाल कर रहे हैं। बीएसएफ ने गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब देना शुरू कर दिया है। इलाके में गोलीबारी चल रही है।
फायरिंग से सीमावर्ती ग्रामीणों में दहशत का माहौल रहा। हालांकि इस दौरान किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। मंगलवार को भी शाम करीब सात बजे पाक ने अपनी पासवान पोस्ट से भारत की टेंट गार्ड पोस्ट पर दो राउंड ब्रस्ट फायर किए। हालांकि भारतीय सेना ने कोई तवज्जो नहीं देते हुए उसका कोई जवाब नहीं दिया।
इसके बाद पाकिस्तान की ओर से कोई फायरिंग नहीं हुई थी लेकिन सुबह होते ही पाकिस्तान की ओर से एक बार फिर से फायरिंग शुरु कर दी गई। गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार को पाक ने रामगढ़ और अरनियां सेक्टर की भारतीय पोस्टों को निशाना बनाकर फायरिंग की गई थी।
फायरिंग के पीछे पाकिस्तान की बौखलाहट बताई जा रही है। सूत्र बताते हैं कि घुसपैठ कराने में नाकाम रहने पर पाक रेंजर सीमा पर माहौल को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी के तहत रुक-रुक कर सीमा पार से फायरिंग की जा रही है।