श्रीनगर के पुराने शहर में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद फिर आईएसआईएस, लश्कर और पाकिस्तान के झंडे लहराए गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों तथा सुरक्षा बलों के बीच हिंसक झड़प हुई।
सुरक्षाबलों पर पत्थरबाजी की गई। बेकाबू प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार को श्रीनगर के पुराने शहर नौहट्टा में ऐतिहासिक जामिया मस्जिद में जुमे की नमाज खत्म होने के बाद कुछ नकाबपोश युवा मस्जिद के मुख्य द्वार के बाहर एकत्रित हुए।
उन्होंने सरकार विरोधी नारेबाजी की और आजादी के हक में नारे बुलंद किए। जुलूस के रूप में जब वे गोजवारा चौक की ओर पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
इस पर प्रदर्शनकारियों द्वारा सुरक्षाबलों पर पत्थर बरसाए गए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच भिड़ंत होने से इलाके में कई घंटे तक तनावपूर्ण हालात बने रहे।