जहां एक तरफ क्षेत्र में आतंकवाद कम होता जा रहा हैं, वहीं अब उस पार मौजूद आतंकी संगठन और पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई ने क्षेत्र में नारको टेररिज्म फैलान का काम शुरू कर दिया है। इसके जरिए वह हमारे नौजवानों में नशे की लत लगाकर उन्हें गलत रास्ते पर चलाने का काम कर रहे हैं।
एसएसपी पुंछ जेएस जोहर ने पुंछ में पुलिस द्वारा पहली बार 56 करोड़ 16 लाख रुपये की हेरोइन पकड़े जाने के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि आतंकी संगठन और आईएसआई नशीले पदार्थों की तस्करी से मिलने वाले पैसे का प्रयोग आतंकवाद को बढ़ाने में करते हैं। इस पैसे से वह जहां गुमराह युवाओं को अपने मकसद के लिए इस्तेमाल करते हैं, वहीं मोटी रकम देकर भटके हुए युवाओं को विध्वंसक गतिविधियों में लगाकर देश को कमजोर करने का प्रयास करते हैं।
इसलिए ऐसे लोगों से और नशीले पदार्थों से युवाओं को दूर रखना चाहिए। एसएसपी ने कहा कि आईएसआई और आतंकी संगठनों ने अब जिले को नारको टेररिज्म का निशाना बनाना शुरू कर दिया है। इसकी सबसे बड़ी मिसाल रविवार रात को जिले में भारी मात्रा में ड्रग्स का पकड़ा जाना है।