पुराने शहर में शुक्रवार को पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर भिड़ंत हुई। प्रदर्शनकारियों ने आईएसआईएस और पाकिस्तान का झंडा लहराया। हिंसक प्रदर्शन के दौरान तकरीबन सात लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों में पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
घटना श्रीनगर के पुराने शहर के नौहट्टा इलाके की है। यहां ऐतिहासिक जामिया मस्जिद में जुमा की नमाज खत्म होने के बाद सैकड़ों युवक सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन करने लगे। युवाओं द्वारा आजादी और पाकिस्तान के हक में नारेबाजी की। उन्होंने केंद्र सरकार के विरोध में भी नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान का झंडा सहित आतंकी संगठन आईएसआईएस और अल-बद्र के झंडे भी लहराए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में सेव सीरिया और आतंकी संगठन हिज्ब के पोस्टर उठा रखे थे जिन पर जिहाद हिजबुल मुजाहिदीन लिखा था।
प्रदर्शनकारियों ने मार्च निकालने की कोशिश की गई तो पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। इस पर उन्होंने पुलिस पर पत्थर बरसाए। स्थिति को नियंत्रण से बाहर होता देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी दागे।
भिड़ंत काफी देर तक जारी रही। इससे नौहट्टा समेत आसपास के इलाकों में तनावपूर्ण हालात पैदा हो गए। गौरतलब है कि नौहट्टा समेत गोजवारा, खान्यार, सराफ कदल के साथ साथ अन्य इलाकों में भी प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच भिड़ंत हुई और वह भी स्थिति तनावपूर्ण रही।