केरने सेक्टर में घुसपैठ का प्रयास विफल
- फोटो : FILE PHOTO
उत्तरी कश्मीर के सीमावर्ती जिले कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश को सेना ने विफल कर दिया है। मुठभेड़ में सेना का एक जवान शहीद हो गया। इलाके में देर रात तक आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी था।
सैन्य सूत्रों के अनुसार एलओसी के करीब केरन सेक्टर में तैनात सेना की 21 कुमाऊं रेजीमेंट के जवानों को गुज्जर डोरी इलाके में शुक्रवार तड़के आतंकियों की कुछ हरकत दिखाई दीं।
इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए जवानों ने मोर्चा संभाल लिया। इस बीच आतंकियों ने जवानों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। इसके बाद इलाके में भीषण मुठभेड़ शुरू हुई। मुठभेड़ में सेना का सिपाही रमेश चंद यादव शहीद हो गया।
श्रीनगर के बादामी बाग स्थित सेना के 15 कोर मुख्यालय के प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम बनाने के प्रयास के दौरान जवान गोलियां लगने से घायल हो गया। मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब सेना के जवानों ने घुसपैठियों को ललकारा। उन्होंने बताया कि घायल जवान को तुरंत सेना के 92 बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।