दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में दो जगहों पर हुई मुठभेड़ में सेना के दो जवान बलिदान हो गए जबकि सुरक्षाबलों ने चार आतंकियों को ढेर कर दिया है। ड्रोन फुटेज में आतंकियों के शव मुठभेड़ स्थल पर पड़े हुए दिखे। पूरे इलाके की घेराबंदी की गई है। कश्मीर के आईजी बीके बिर्दी ने बताया कि फ्रिसल चिन्नीगाम में चार आतंकी मारे गए हैं। बीते एक माह में सुरक्षाबल 10 आतंकियों का खात्मा कर चुके हैं।
लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
जवानों ने चिन्नीगाम में विभिन्न मकानों की तलाशी शुरू की। आतंकी बाग के पास बने मकान में छिपे थे। जवानों को अपने ठिकाने की तरफ आते देख आतंकियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने खुद को बचाते हुए जवाबी फायर किया। जवानों ने आतंकियों की गोलियों के बीच ही आसपास के कई मकानों से लोगों को सुरक्षित जगह पर भी पहुंचाया।
मारे गए आतंकी हिजबुल के
सेना के सूत्रों ने बताया कि मारे गए चारों आतंकी हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े हो सकते हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बल आतंकियों की गतिविधियों पर निगाह बनाए हुए हैं और इन आतंकियों का मारा जाना सुरक्षाबलों के लिए बड़ी उपलब्धि है।