वानी ने बताया कि इस साल करीब 500 किलो कॉर्म लगाए हैं। पिछले साल पैदावार कम थी, लेकिन इस साल सामान्य खेती से 50.60 फीसदी ज्यादा हुई है फसल। पिछले साल जो लगाया गया था उसका उसका चौथा हिस्सा उग पाया था। जीआई टैगिंग की तकनीक को लेकर उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष केवल 10.15 किलो केसर सैफरन पार्क में गुणवत्ता जांच के लिए आया था, लेकिन जब अन्य किसानों ने देखा कि जिन्होंने जीआई टैगिंग करवाई थी उन्हें दोगुना लाभ मिला, उसे देख इस साल 500 से ज्यादा किसान जुड़े हैं।
केसर की शुद्धता को मापने के लिए ऐसे आठ मापदंड हैं, जिनपर इन नमूनों का परीक्षण किया जाता है, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त है। किसान ने बताया कि इन आठ मापदंडों में से नमी, बाहरी पदार्थ, और विदेशी पदार्थ, कुल राख तीन मुख्य मापदंड हैं। इसके बाद केसर की ग्रेडिंग होती है और फिर ई-ऑक्शन करते हैं। केसर के खेतों में तीन से चार कनाल एक किलो बारीक केसर पैदा करते हैं। गुणवत्ता और मांग के आधार पर प्रत्येक किलोग्राम की कीमत 1.6 लाख रुपये से 2.2 लाख रुपये के बीच होती है।
एक दशक पहले कश्मीर में केसर की खेती करने वाले 22 हजार परिवार थे, लेकिन संख्या घटकर लगभग 16 हजार परिवार रह गई है। केसर सालाना लगभग 300 करोड़ रुपये का राजस्व उत्पन्न करता है। कृषि विभाग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार कश्मीर में केसर की खेती का रकबा 43.9 प्रतिशत घटकर 1996 में लगभग 5.707 हेक्टेयर से घटकर 3.200 हेक्टेयर रह गया है। कश्मीरी केसर के उत्पादन में पिछले दो दशकों में 65 फीसदी की गिरावट आई है, जो सालाना 16 मीट्रिक टन से 5.6 मीट्रिक टन हो गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि सैफरन पार्क में उन सभी मापदंडों को सहेजते हैं जो कश्मीर के केसर को सर्वश्रेष्ठ ग्रेड प्राप्त करने में मदद करते हैं। कश्मीर का केसर स्पेन और ईरान के केसर से बेहतर माना जाता है। इस गुणवत्ता आश्वासन और जीआई टैगिंग के साथ केसर को सभी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्लेटफार्मों पर बेच सकते हैं। इससे न केवल खरीदार को शुद्ध कश्मीरी केसर मिलता है, बल्कि किसानों को अच्छा दाम भी।
क्रोसिन की उच्च सांद्रता के कारण कश्मीरी केसर बेहतर गुणवत्ता का है। क्रोसिन एक कैरोटीनॉइड वर्णक है, जो केसर को उसके रंग और औषधीय मूल्य देता है। ईरानी केसर की 6.82 फीसदी की तुलना में कश्मीरी केसर में क्रिकीन कंटैंट 8.72 फीसदी है, जो इसे एक गहरा रंग और बढ़िया औषधीय मूल्य प्रदान करता है।