नौशेरा से भाजपा के विधायक रविंद्र रैना ने कहा कि भले वह पाकिस्तान कब्जे वाला कश्मीर हो या फिर चीन के कब्जे वाला, दोनों ही भारत के अंग हैं। विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण का समर्थन करते हुए रैना ने कहा कि रियासत के तीनों खित्तों के लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए गठबंधन सरकार का गठन किया गया है।
उन्होंने भाजपा-पीडीपी गठबंधन को हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक बताया। विधानसभा में अपने पहले वक्तव्य में रैना ने कहा कि लोगों को पारदर्शी और जवाबदेह शासन मुहैया करवाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने नेकां और कांग्रेस की पूर्व सरकार को भ्रष्टाचार को प्रोत्साहन देने का आरोप भी लगाया।
इस दौरान उन्होंने पूर्व उपमुख्यमंत्री ताराचंद को भी आड़े हाथों लेते हुए उनके पीए केवल द्वारा किए गए भ्रष्टाचार की पोल खोली। उन्होंने कहा कि सदन के सदस्य आतंकियों की घर वापसी की बात करते हैं, लेकिन घर वापसी तो कश्मीरी पंडितों की होनी चाहिए।