दरबार मूव के चलते जम्मू-श्रीनगर के बीच एकतरफा ट्रैफिक रहेगा। यह व्यवस्था 31 अक्टूबर और एक नवंबर तथा सात व आठ नवंबर को रहेगी। इस दौरान जम्मू से श्रीनगर की ओर किसी प्रकार के वाहन नहीं छोड़े जाएंगे।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर केवल श्रीनगर से जम्मू की ओर वाहनों को आने की अनुमति दी जाएगी। नौ नवंबर को जम्मू में दरबार सजेगा।
आईजीपी ट्रैफिक के अनुसार सेना तथा अर्द्धसैनिक बलों की कानवाई को भी जम्मू से श्रीनगर की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
दरबार मूव के लिए सामान 31 अक्तूबर एवं एक नवंबर और कर्मचारी सात एवं आठ नवंबर को श्रीनगर से आएंगे। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहेंगे।
साथ ही ट्रैफिक पुलिस वाहनों के लिए बेहतर इंतजाम करेगी ताकि किसी प्रकार की जाम की स्थिति न उत्पन्न होने पाए। उधर, शीतकालीन राजधानी जम्मू में दरबार मूव के स्वागत की तैयारी जोरशोर से चल रही है।
श्रीनगर से विभागों की एडवांस पार्टियां यहां पहुंच चुकी हैं। सचिवालय समेत दरबार मूव से जुड़े कार्यालयों में साफ सफाई और सजावट का काम तेजी से किया जा रहा है।
सड़कों पर भी मरम्मत का कार्य और रंगरोगन चल रहा है। ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री के सात नवंबर के प्रस्तावित दौरे को लेकर श्रीनगर में स्वास्थ्य, पीएचई, पीडीडी सहित नौ विभागों को बने रहने के आदेश जारी किए गए हैं।
हजारों मुलाजिमों के जम्मू शिफ्ट होने की वजह से यहां कारोबार बढ़ेगा। यहां के व्यापारियों तथा कारोबारियों को दरबार मूव का इंतजार रहता है क्योंकि उनकी बिक्री बढ़ जाती है।
साथ ही विभिन्न मुहल्लों में किराएदार भी मुंहमांगा किराया देकर रहते हैं। अगले छह महीने तक दरबार मूव कर्मचारियों की वजह से यहां की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।