कठुआ के बरवाल मोड़ पर सोमवार को हुए सड़क हादसे में घायलों में से एक और छात्र ने दम तोड़ दिया है। इसके बाद हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। वहीं अन्य घायल छात्रों का इलाज जारी है। एक घायल छात्र जीएमसी कठुआ में उपचाराधीन है जबकि शेष का इलाज पंजाब के अस्पतालों में चल रहा है।
जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे पर सोमवार दोपहर एक बजे के लगभग एक तेज रफ्तार कार ने 11 छात्रों को रौंद दिया था। जिनमें से एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि एक अन्य घायल नीतिश की हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। मंगलवार रात नितीश ने भी दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के अनुसार हादसे में नितीश के दिमाग में भी चोट लगी थी। इससे पिछले चौबीस घंटे से दिमाग कार्य करना भी बंद कर दिया था।
लगातार वेंटिलेटर के सहारे ही उसकी सांसें दौड़ रही थी। आखिरकार मंगलवार की रात को नितीश ने आखिरी सांसें लीं। बुधवार दोपहर साढ़े बारह बजे के लगभग मृतक का शव जीएमसी कठुआ में लाया गया। जहां परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। मां अपने कलेजे के टुकड़े को बिछुड़ा देखकर बिलख रही थी। ढांडस बंधाने वाले भी अपने आंसू नहीं रोक पाए। जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। निहालपुर में नितीश का अंतिम संस्कार कर दिया गया।