कार्यक्रम के बाद सभी प्रधानचार्य और अधिकारी
- नई शिक्षा नीति के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रधानाचार्यों को दिया गया व्यावहारिक मार्गदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू के सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में दो जुलाई से शुरू हुआ तीन दिवसीय प्रधानाचार्य प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हो गया। कार्यक्रम में जम्मू संभाग के 282 नव नियुक्त प्रधानाचार्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम में विभिन्न विषयों जैसे नेतृत्व, शिक्षण शैली, स्कूल प्रबंधन, सामुदायिक भागीदारी, वित्तीय नियम और नई शिक्षा नीति पर अनुभवी विशेषज्ञों ने सत्र लिए गए। इसका आयोजन स्कूल लीडरशिप अकादमी, एससीईआरटी जम्मू और डाइट जम्मू के संयुक्त प्रयास से किया गया।
समापन समारोह में वित्त आयुक्त शांतमनु ने नव नियुक्त प्रधानाचार्यों को बधाई दी और कहा कि स्कूलों को बच्चों के लिए सकारात्मक, सुरक्षित और समावेशी माहौल बनाना समय की जरूरत है। उन्होंने नैतिक नेतृत्व, सामुदायिक भागीदारी और नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन को मजबूत करने पर जोर दिया। एससीईआरटी जम्मू की संयुक्त निदेशक प्रो. सिंधु कपूर ने स्वागत भाषण में कहा कि संस्थान शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को सक्षम बनाने के लिए पूरी तरह समर्पित है। तीन दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में शिक्षाविदों, प्रशासनिक अधिकारियों और विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को व्यावहारिक व प्रेरणादायक मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों और आयोजन समिति के सदस्यों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम का संचालन संयोजक परशुराम सिंह ने किया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।