उधमपुर में कोरोनारोधी टीका लगाती स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू कश्मीर में 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 95 नए मामलों की पुष्टि हुई है। जम्मू संभाग से छह और कश्मीर संभाग से 89 नए मामले आए हैं। 78 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं।
संभाग स्तर पर बात करें तो जम्मू संभाग के सात जिलों में कोई नया मामला नहीं आया है। वहीं जम्मू जिले में तीन, डोडा में दो और रामबन में एक केस रिपोर्ट हुआ है। कश्मीर संभाग के जिलों में श्रीनगर में 49, बारामुला में दस, बडगाम में दस, पुलवामा में चार, कुपवाड़ा में पांच, अनंतनाग में दो, बांदीपोरा में एक, गांदरबल में सात और कुलगाम जिले से एक मामला आया है।
प्रदेश में एक्टिव मामलों की संख्या अब 902 हो गई है। कश्मीर संभाग में 801 और जम्मू संभाग में 101 सक्रिय मरीज हैं। प्रदेश में कोरोना संक्रमण से अब तक 4432 मरीजों की मौत हो चुकी है।
मात्र 1007 लोगों ने कराया टीकाकरण
उधमपुर में छुट्टी के चलते रविवार को शाम तक कुल 1007 लोगों का ही टीकाकरण हो सका। इस दौरान कम ही टीकाकरण केंद्र खोले गए। ग्रामीण इलाकों में ज्यादातर केंद्र बंद थे। कस्बे और शहर में भी कुछ केंद्र बंद रहे।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 से 44 आयु वर्ग में 141 लोगों को पहली और 684 को दूसरी खुराक रविवार को दी गई। इसी तरह 45 से 60 आयु वर्ग में पांच लोगों को पहली और 144 को दूसरी और 33 वरिष्ठ नागरिकों का टीकाकरण किया गया। संवाद