कश्मीर की तर्ज पर जम्मू संभाग में फिजिकल एजूकेशन कालेज बनाने की मांग भाजपा विधायकों ने विधानसभा में उठाई। नेता भाजपा विधायक दल अशोक खजूरिया के नेतृत्व में सभी पार्टी विधायकों ने राज्य सरकार इस मांग की अनदेखी करने के विरोध में वेल में नारेबाजी की।
इसके बाद सदन से वाक आउट कर दिया। भाजपा विधायकों अशोक खजूरिया, अश्विनी शर्मा और चौधरी सुखनंदन ने सदन में स्पीकर मुबारक गुल के समक्ष दलील पेश कि पिछले कई दशकों से जम्मू संभाग के युवाओं को प्रशिक्षण के लिए गांदरबल स्थित पीईटी कालेज में आना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि यह फैसला राज्य सरकार को करना है। इन विधायकों ने कहा कि जम्मू में कोई भी कालेज अथवा संस्थान खुलने का कश्मीर में विरोध होता है और इसे कश्मीर से भेदभाव करार दिया जाता है। सरकार बताए कि पीईटी कालेज जम्मू में नहीं होने से पिछले कई दशकों से जम्मू के साथ जो भेदभाव हो रहा है इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
इस मौके पर राज्य सरकार की तरफ से किसी भी मंत्री ने कोई जवाब नहीं दिया, नतीजतन भाजपा विधायकों ने वाक आउट कर अपना एतराज जताया।