बडगाम में नार्को आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़
- फोटो : भारतीय सेना
जम्मू-कश्मीर के बडगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। यहां नार्को आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ हुआ है। जिसमें एक किलो हेरोइन समेत छह आतंकी मददगार गिरफ्तार किए गए हैं। इनके पास से हथियार व गोलाबारूद भी बरामद हुआ है। संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर पकड़े गए आतंकियों के मददगारों से पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बडगाम पुलिस, भारतीय सेना की 50-आरआर सेना, डी / 29 सीआरपीएफ ने बडगाम के चौरडा क्षेत्र में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) से जुड़े एक नार्को आतंकवादी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया।
इसमें आतंकियों के छह मददगार गिरफ्तार किए गए हैं। जिनकी पहचान मुदस्सिर फैयाज, शबीर गनी आर, सगीर अहमद पोसवाल, इस्साक भट्ट और अर्शीद थोकर के रूप में हुई है। वहीं आतंकियों के एक अन्य मददगार से पूछताछ की जा रही है। इनके कब्जे से एक चीनी पिस्तौल, एक हैंड ग्रेनेड, एक किलो हेरोइन और 1,55,000 रुपये बरामद हुए हैं।
प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि यह मॉड्यूल पाकिस्तान स्थित आतंकी संचालकों के लिए काम कर रहा था। नशा तस्करी, हथियारों की आपूर्ति और जेईएम के सक्रिय आतंकवादियों को धन मुहैया करा रहा था।