जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनावों से पहले अल्पसंख्यक मामलों की केंद्रीय मंत्री नजमा हेप्तुला रविवार को श्रीनगर पहुंचीं। नजमा ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के अलावा राज्य के आला अफसरों से बैठक कर अल्पसंख्यकों की नब्ज टटोलने का प्रयास किया।
खासकर नजमा ने उमर के साथ अल्पसंख्यक वर्ग के लिए जारी केंद्रीय कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने अल्पसंख्यक वर्ग के लिए मल्टी सेक्टर विकास संबंधी कार्यक्रमों पर जोर दिया।
योजनाओं का लाभ उठाए अल्पसंख्यक वर्ग
बैठक के दौरान जम्मू कश्मीर के अल्पसंख्यक वर्ग के लिए जारी वजीफा संबंधी कार्यक्रम पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने इस योजना को राज्य में अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
इस मौके पर समाज कल्याण विभाग के सचिव ने अब तक इस योजना में हुई प्रगति से नजमा को अवगत कराया। नजमा का कहना था कि केंद्र सरकार की तरफ से देश के अल्पसंख्यक वर्ग के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं।
इसका लाभ समाज को उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान अल्पसंख्यक वर्ग से संबंधित जो मसले एवं दिक्कतें उनके नोटिस में आई हैं, उन पर बाकायदा गौर कर समाधान किया जाएगा।
फंड की कमी नहीं आने देगी केंद्र सरकार
नजमा ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को आश्वस्त किया कि वजीफा कार्यक्रम को जम्मू कश्मीर में प्रभावी बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार फंड की कमी नहीं आने देगी।
उन्होंने कहा सरकार विशेष तौर पर अल्पसंख्यक वर्ग को शिक्षित और विकसित बनाने पर जोर दे रही है। केंद्र में मोदी सरकार के गठन बाद श्रीनगर का दौरा करने वाली नजमा तीसरी केंद्रीय मंत्री हैं।
इससे पूर्व वित्त एवं रक्षा मंत्री अरुण जेटली और रक्षा राज्य मंत्री वीरेंद्रजीत सिंह श्रीनगर का दौरा कर चुके हैं।