कश्मीर से बाहरी राज्यों में फल लेकर जाने वाले ट्रक चालक वापस कश्मीर में मुगल रोड से जा सकेंगे। जम्मू श्रीनगर वाया उधमपुर से वाहनों का बोझ कम करने को ऐसा किया गया है।
वीरवार को हार्टीकल्चर मंत्री अब्दुल रहमान वीरी की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में इसका निर्णय लिया गया है। बैठक में फल उत्पादक, ट्रेडर और ट्रांसपोर्टर भी मौजूद थे। इसके अलावा भी कई अन्य फैसले बैठक में लिए गए हैं, जिससे फल उत्पादकों और ट्रांसपोर्टरों को लाभ मिल सके।
मंत्री ने संबंधित विभाग को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि इसके लिए जरूरी औपचारिकताओं को जल्द पूरा करें। आईजी ट्रैफिक को कहा गया कि यातायात को सुनिश्चित करें, ताकि ट्रक चालकाें को जगह जगह रोका न जाए।
वीरी ने कहा कि राज्य के फल उत्पाद राज्य की आर्थिक स्थिति का सबसे बड़ा स्रोत है। इसलिए इसे मजबूत करना सबकी जिम्मेदारी है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के परिवहन मंत्रियों से भी राज्य परिवहन मंत्रालय बात करेगा, ताकि वह भी अपने राज्यों के ट्रकों को जम्मू-कश्मीर में डिस्पैच के लिए भेजें।