मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद 16 अक्तूबर को शहर में कई विकास कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगे। इसके लिए जोरदार तैयारियां की जा रही हैं।
सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री गोल्फ कोर्स के उद्घाटन के साथ ही बस स्टैंड में मल्टी पार्किंग का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही जम्मू विश्वविद्यालय में शारीरिक शिक्षा विभाग के भवन का भी शिलान्यास करेंगे।
रघुनाथ बाजार के सौंदर्यीकरण तथा सिद्दड़ा में 18 होल वाले जम्मू तवी गोल्फ कोर्स तथा गोल्फ क्लब का उद्घाटन करेंगे।
पर्यटन विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि माता वैष्णो देवी यात्रा के आधार शिविर कटड़ा तक रेल पहुंचने के बाद जम्मू में पर्यटकों की संख्या में कमी तथा उससे जुड़े व्यवसायों में गिरावट की आशंका के मद्देनजर जम्मू को एक स्वतंत्र पर्यटन केंद्र पर तौर पर विकसित करने की दृष्टि से सरकार काम कर रही है।
इसके तहत रोप वे, तवी लेक परियोजना, मुबारक मंडी हेरिटेज कांप्लेक्स, रघुनाथ बाजार का सौंदर्यीकरण, सिद्दड़ा गोल्फ कोर्स, बार्डर टूरिज्म, ग्रामीण टूरिज्म सहित कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर काम शुरू किया गया है।
पर्यटन निदेशक आरके वर्मा के अनुसार सिद्दड़ा में गोल्फ कोर्स का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। 1385 कनाल में गोल्फ कोर्स का निर्माण 2007 में किया गया था।
उस समय इस पर 37.39 करोड़ की लागत आनी थी, लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर 60.70 करोड़ रुपये कर दिया गया। इसमें 40.08 करोड़ खर्च किया जा चुका है।
इसके साथ ही रघुनाथ बाजार के सौंदर्यीकरण पर 6.62 करोड़ रुपये खर्च किया जाना है। इस राशि से बिजली की तारों को हटाने के साथ ही ऐतिहासिक शेर मुंह वाले नल तथा महीन कारीगरी वाले खंभे स्थापित किए जाने हैं।