पहले पांच नवरात्र में 1.42 लाख भक्त माता वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं। पिछले साल की तुलना में पहले पांच नवरात्र में इस वर्ष 23 हजार श्रद्धालु अधिक पहुंचे हैं।
देशभर से उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ से धर्म नगरी पूरी तरह गुलजार है। इसके साथ ही नवरात्र महोत्सव के तहत विविध आयोजन भी किए जा रहे हैं।
यात्रा पंजीकरण काउंटर से मिली जानकारी के अनुसार अब तक 1,42,921 श्रद्धालु माता के दर्शन कर चुके हैं। पांचवें दिन शनिवार को 19,465 भक्तों ने दरबार में मत्था टेका।
शुक्रवार को 31,655 ने दर्शन किए थे। पहले पांच दिनों में दर्शन करने वालों की संख्या में रिकार्ड वृद्धि हुई है। इस बार पिछले वर्ष की तुलना में 23,753 अधिक श्रद्धालु पहुंचे। पिछले साल इस अवधि में 1,19,168 भक्तों ने दर्शन किए थे।
रियासी जिला प्रशासन ने पर्यटन विभाग तथा माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के साथ मिलकर नवरात्र में दर्शन पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी, दवा तथा सुरक्षा के समुचित प्रबंध किए हैं। नवरात्र महोत्सव के तहत रविवार को बाबा जित्तो पर नाटक तथा कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित होंगे।