एक ओर जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टीम जम्मू-कश्मीर में होने वाले विधानसभा चुनाव में मिशन 44 प्लस का लक्ष्य हासिल करने में जुटी है, वहीं केंद्रीय गृह मंत्रालय की टीम रियासत के दौरे पर पहुंची। गृह संयुक्त सचिव रजत पंचानी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पुंछ के चक्का-द-बाग से दोनों ओर के कश्मीर के बीच होने वाले क्रास एलओसी ट्रेड का जायजा लिया।
ट्रेड सेंटर से लगभग एक किलोमीटर दूर जीरो लाइन पर भी पहुंचे। बताया जाता है कि टीम अगले सप्ताह ऊड़ी के एलओसी फैसिलिटेशन सेंटर भी जाएगी और वहां का जायजा भी लेगी। जानकारी के अनुसार गृह मंत्रालय की टीम दोपहर लगभग 12 बजे पुंछ के डाकबंगला पहुंची। उनके साथ जम्मू के डिवीजनल कमिश्नर शांत मनु भी थे।
दोपहर लगभग डेढ़ बजे टीम ने एलओसी ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर में व्यापारियों से लगभग आधे घंटे तक बातचीत की। इस दौरान व्यापारियों ने ट्रेड में होने वाली समस्याएं टीम को बताईं। साथ ही लंबे समय से लटकी मांगों से भी अवगत करवाया।