केंद्रीय राज्य मंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने कहा कि अर्थशास्त्री न होते हुए भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन-धन योजना के बाद अब तीन सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को देश के गरीबों को समर्पित कर जो कमाल कर दिखाया है, वह इससे पहले बड़े-बड़े अर्थशास्त्री भी नहीं कर पाए।
देश के विभिन्न हिस्सों की तरह जम्मू में शनिवार को तीन सामाजिक सुरक्षा योजनाओं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना और अटल पेंशन योजना का विधिवत शुभारंभ करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने ये शब्द कहे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से देश के गरीबों और उनके परिवारों का भविष्य सुरक्षित होगा।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के लिए लोगों को स्वास्थ्य प्रमाणपत्र की भी जरूरत नहीं पड़ेगी और बैंकों में एक फार्म भरने से ही योजनाओं का कवर मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि एक मई से शुरू हुई इन सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में देश भर में अभी तक चार करोड़ लोग जुड़ गए हैं।